‘एक से श्रेष्ठ’ पहल: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने जमीनी सेवा को सराहा, 12 हजार बच्चों को मिल रही नि:शुल्क शिक्षा, 692 युवाओं को मिला रोजगार

18 घंटे पहले
Ek Se Shreshtha Initiative

Ek Se Shreshtha Initiative: बिलासपुर के आर्ट एंड कल्चर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ‘एक से श्रेष्ठ’ पहल के पांच वर्ष पूरे होने और 650 शिक्षा केंद्रों का पड़ाव हासिल करने पर एक्ट टू ट्रांसफॉर्म फाउंडेशन को बधाई दी। इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्य अतिथि राज्यपाल का स्वागत किया तथा इस महत्वाकांक्षी पहल के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। राज्यपाल ने जमीनी स्तर पर दी जा रही 5 वर्षों की निरंतर शैक्षणिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये 650 केंद्र महज एक संख्या नहीं हैं, बल्कि ज्ञान के ऐसे दीपक हैं जो 12,000 बच्चों के भविष्य को संवार रहे हैं।

 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति और प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को बल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पीएम श्री, निपुण भारत, डिजिटल इंडिया और कौशल विकास जैसी योजनाएं देश के युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर रही हैं। ‘एक से श्रेष्ठ’ जैसी जमीनी स्तर की पहल शिक्षा और सामाजिक सहभागिता को सीधे समुदायों से जोड़कर इन राष्ट्रीय प्रयासों को और मजबूत बनाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चाहे बच्चा शहर में हो या किसी दूरदराज के गांव में, उसे सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलना चाहिए।

 

शिक्षकों को लैपटॉप व बच्चों को बांटी अध्ययन सामग्री

समारोह में राज्यपाल ने शिक्षकों को लैपटॉप वितरित किए और आह्वान किया कि वे तकनीक का उपयोग बच्चों की व्यक्तिगत सीखने की जरूरतों को समझने और उनका समाधान करने में करें। इसके साथ ही बच्चों को स्टडी टेबल, स्कूल बैग, नोटबुक, स्टेशनरी, जूते और ट्रैकसूट भी बांटे गए। उन्होंने कहा कि यह सहायता बच्चों में आत्मविश्वास जगाती है और उन्हें संदेश देती है कि समाज को उनकी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है।

 

रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और करोड़ों की बचत

राज्यपाल ने इस बात की विशेष रूप से प्रशंसा की कि इस पहल के माध्यम से 692 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की है और करीब 60 प्रतिशत लोगों को जीवन में पहली बार नौकरी मिली है। नि:शुल्क शिक्षा, पुस्तकें, लैपटॉप व सामग्री मिलने से 12,000 से अधिक परिवारों के शैक्षणिक खर्च में कमी आई है, जिससे उन्होंने सामूहिक रूप से 5.40 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की है। कार्यक्रम में विधायक जे.आर. कटवाल, त्रिलोक जम्वाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...