हिम-चंडीगढ़ सिटी के विकास को मिलेगी रफ्तार: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की प्रगति की समीक्षा, सरसा नदी के किनारे बनेगा 9 KM लंबा रिवरफ्रंट, आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित होगा नया शहर

Him-Chandigarh City Project Review

Him-Chandigarh City Project: चंडीगढ़ के निकट बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही इस नए शहर का विकास कार्य शुरू करेगी, जिसे अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के साथ एक सुनियोजित एवं टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

 

सरसा नदी किनारे बनेगा 9 किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित शहर की सुंदरता और निवासियों के मनोरंजन के लिए सरसा नदी के किनारे लगभग नौ किलोमीटर लंबे सुविकसित रिवरफ्रंट को परियोजना में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन के लिए मजबूत एवं प्रभावी सड़क संपर्क मार्ग तैयार करने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।

 

आर्थिक गतिविधियों और राजस्व को मिलेगा बढ़ावा

श्री सुक्खू ने कहा कि यह नया शहर क्षेत्र की बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को गति देगा और राज्य के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देगा। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, विधायक राम कुमार, अजय सोलंकी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...