Himachal News: रामपुर में सड़क से नीचे गिरी HRTC बस, 1 यात्री की मौत और 24 घायल

Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रामपुर-सनेई मार्ग पर राय के पास मोड़ काटते समय हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत खनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सनेई से रामपुर की ओर आ रही थी। जब बस राय के पास पहुंची, तो चालक तीखे मोड़ पर वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोने के कारण बस पहाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त बस में चालक और परिचालक समेत करीब 25 लोग सवार थे।

सड़क से नीचे गिरने के बाद बस गनीमत रही कि एक गोशाला के पीछे जाकर अटक गई। यदि बस वहां नहीं रुकती और अधिक गहराई में गिरती, तो जान-माल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। हादसा रामपुर मुख्य बाजार से लगभग 15 किलोमीटर दूर हुआ। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकाला और निजी गाड़ियों की मदद से खनेरी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में से दो यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका आपातकालीन उपचार चल रहा है।

 

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना के कारणों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।

खबरें और भी हैं...