काजा में नौतोड़ बहाली को लेकर भड़की कांग्रेस, विधायक अनुराधा राणा बोलीं- नौतोड़ आदिवासियों का नैसर्गिक हक, राजनीति न करे भाजपा

3 घंटे पहले

Himachal News: जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति के मुख्यालय काजा में नौतोड़ भूमि की बहाली और वन अधिकार अधिनियम (FRA) को निरस्त करने की पुरजोर मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार ‘नौतोड़ अधिकार यात्रा’ निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। लाहुल-स्पीति की विधायक, प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रवक्ता अनुराधा राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस विशाल पदयात्रा में जिला व ब्लॉक स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित भारी संख्या में स्थानीय आदिवासियों ने भाग लिया।

काजा की सड़कों पर हुंकार भरते हुए विधायक अनुराधा राणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नौतोड़ लाहुल-स्पीति के गरीब और भूमिहीन आदिवासियों का पारंपरिक व नैसर्गिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि हर पात्र परिवार को इसका लाभ मिलना चाहिए और इस अति-संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय मानवीय आधार पर हल किया जाना चाहिए।

विधायक अनुराधा राणा ने पूर्ववर्ती रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, तब-तब ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के गरीबों को भूमि पट्टे वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधायक बनने के बाद उन्होंने स्वयं लाहुल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र में 100 से अधिक पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे दिलवाए हैं और सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र जनजातीय परिवार भूमिहीन न रहे।

वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष के बयानों पर पलटवार करते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता कुंजंग गटुक ने कहा कि दिए गए 100 पट्टे किसी का राजनीतिक झंडा देखकर नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से पात्रता के आधार पर बांटे गए हैं, जिसका लाभ भाजपा समर्थक परिवारों को भी मिला है। उन्होंने भाजपा से सवाल दागा कि केंद्र और पूर्व की राज्य भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कितने नौतोड़ पट्टे मंजूर किए, इसका हिसाब जनता को दें।

 

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे और वरिष्ठ नेता सोहन सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि नौतोड़ का मामला किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे जनजातीय समाज के जीवन और आजीविका से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों में रोड़े अटकाने का काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अंत तक लड़ेगी और नौतोड़ बहाली होने तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

 

इस विशाल अधिकार यात्रा में जिला अध्यक्ष दोरजे अंगरूप, ब्लॉक अध्यक्ष दौरजे छेरिंग, युवा कांग्रेस अध्यक्ष केसंग रापचिक, राजेंद्र (बाबू) कारपा, टीएसी सदस्य छेवांग व वीर भगत, लोबजंग, छटुप दौरजे, गुलाब सिंह, सीटी बौद्ध, नवांग छेपल और पूनम सहित दर्जनों स्थानीय नेता व ग्रामीण उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...