Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती उप-तहसील छतरी से एक बेहद गौरवशाली और प्रेरणादायी खबर सामने आई है। छतरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत ब्रयोगी की दो होनहार बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की हिंदी शिक्षक परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। दो-दो बेटियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल ब्रयोगी पंचायत बल्कि पूरे सराज क्षेत्र में खुशी और जश्न का माहौल है।
सफलता हासिल करने वाली इन बेटियों में ब्रयोगी पंचायत के गांव जनेहड़ के निवासी श्री धर्म सिंह की पुत्री हिमाचली ठाकुर और इसी पंचायत के गांव कल्याजू के रहने वाले श्री कुशल चंद की सुपुत्री जितेंद्रा ठाकुर शामिल हैं। दोनों बेटियों ने विपरीत परिस्थितियों और सीमित साधनों के बावजूद अपनी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास किया है।
दोनों बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर उनके परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने गहरा गर्व महसूस किया है। स्थानीय प्रतिनिधियों ने हिमाचली ठाकुर और जितेंद्रा ठाकुर को बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सुदूर और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों ने यह साबित कर दिखाया है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। इन दोनों बेटियों की यह ऐतिहासिक सफलता सराज क्षेत्र की युवा पीढ़ी और विशेषकर अन्य बेटियों के लिए एक बेहतरीन प्रेरणा स्रोत बनकर उभरी है।