Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां बालटरंग के समीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़कती हुई सतलुज नदी के किनारे जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय पेश आया जब स्कॉर्पियो गाड़ी (HP-25-6900) रिस्पा से किल्बा की तरफ आ रही थी। बालटरंग के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे में वाहन मालिक एवं चालक किल्बा निवासी कपिल देव नेगी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गाड़ी में सवार घनश्याम यादव और उनकी पत्नी मनीता यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए टापरी स्थित जेएसडब्ल्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा, क्षेत्र में पसरा मातम
शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किल्बा में मृतक कपिल देव नेगी के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दुखद घटना के बाद पूरे किल्बा और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रशासन ने बांटी फौरी राहत राशि, पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील
हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावितों तक सहायता पहुंचाई। सांगला के तहसीलदार हरदयाल सिंह ने मृतक के शोकाकुल परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की। इसके साथ ही दोनों घायलों के परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किन्नौर जिले की दुर्गम और संकरी पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए वाहनों की रफ्तार नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है।