सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना लगभग तय, गौतम ठाकुर बोले- हाईकमान की बन चुकी है सहमति

रमेश कंवर: मनाली

Himachal News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर ने दावा किया है कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना लगभग तय है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पार्टी हाईकमान के स्तर पर सहमति बन चुकी है और विपक्ष द्वारा जातीय व अन्य समीकरणों को लेकर की जा रही बयानबाजी पूरी तरह बेबुनियाद है।

गौतम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि कांगड़ा या अन्य जिलों में क्षेत्रीय व जातीय संतुलन के आधार पर निर्णय लिए जा सकते हैं, लेकिन पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकमात्र प्रमुख मांग सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की है।

 

समय पर मंत्री पद न मिलने से पंचायत चुनावों में कांग्रेस को हुआ नुकसान

गौतम ठाकुर ने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने में हुई देरी का असर बीते पंचायत चुनावों में देखने को मिला था। यदि उन्हें समय रहते कैबिनेट में स्थान दिया जाता, तो कुल्लू जिले की चारों विधानसभा सीटों के तहत आने वाली पंचायतों में पार्टी का प्रदर्शन काफी बेहतर रहता।

 

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव से पहले हो सकती है घोषणा

गौतम ठाकुर ने उम्मीद जताई कि आगामी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की शुरुआत से पहले ही विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। उन्होंने कहा कि कुल्लू का प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता और युवा वर्ग सुंदर सिंह ठाकुर को सरकार में मंत्री के रूप में देखने के लिए बेहद उत्साहित है।

 

संगठन होगा मजबूत, मंडी संसदीय क्षेत्र में बढ़ेगा प्रभाव

गौतम ठाकुर ने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर की कार्यशैली और जनता के बीच उनकी पैठ को देखते हुए उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करना संगठन के हित में रहेगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से न केवल कुल्लू जिले बल्कि पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में संगठन को एक नया बल मिलेगा और पार्टी कार्यकर्ताओं के भीतर नए उत्साह का संचार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार और पार्टी हाईकमान जल्द ही इस दिशा में अंतिम निर्णय लेकर कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेंगे।

खबरें और भी हैं...