घुमारवीं में जयराम ठाकुर ने जूस पिलाकर खत्म कराया भाजपा नेताओं का अनशन: कहा, मुकदमों और दबाव से कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटेगा

Himachal Politics Jairam Thakur Ghumarwin Hunger Strike

Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं पहुंचकर पिछले एक सप्ताह से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया और उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि अनशन समाप्त करने का अर्थ संघर्ष खत्म होना नहीं है। भाजपा इस मुद्दे को आगे भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से प्रमुखता से उठाती रहेगी।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्षों का रहा है और वह प्रशासनिक दबाव या मुकदमों से डरने वाली नहीं है। सरकार पुलिस तंत्र का दुरुपयोग करके भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा हर भेदभाव और प्रशासनिक मनमानी के खिलाफ मजबूती से आवाज बुलंद करती रहेगी।

अधिकारियों को चेतावनी: राजनीतिक दबाव में काम करने वाले अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें

नेता प्रतिपक्ष ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए सचेत किया कि वे किसी भी राजनीतिक दल या सरकार के दबाव में काम करने के बजाय संविधान, कानून और अपनी निष्पक्षता की शपथ के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकारें स्थायी नहीं होतीं, इसलिए अधिकारी इस सरकार के साथ अपना भविष्य न जोड़ें। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों की शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की, जबकि कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर तुरंत मामले दर्ज कर दिए जाते हैं।

कानून सबके लिए समान, सरकार का दोहरा मापदंड नहीं चलेगा

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार कर रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए कानून के अलग-अलग मापदंड नहीं हो सकते। यदि पुलिस-प्रशासन राजनीतिक दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई करेगा, तो पूरी व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कानून के दायरे में रहकर जनता के अधिकारों और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

खबरें और भी हैं...