रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति सहित विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठकों का आयोजन किया गया। सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इन बैठकों का सफल संचालन जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने किया। बैठक में एएसपी मनमोहन सिंह सहित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गैर-सरकारी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक के दौरान सहायक आयुक्त ने अभियोजन और पुलिस विभाग को अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में विभिन्न अदालतों में कुल 60 मामले लंबित हैं, जिनमें से 56 मामले सत्र न्यायालय कुल्लू और 4 मामले सत्र न्यायालय रामपुर में प्रक्रियाधीन हैं।
सफाई कर्मचारियों का साल में दो बार होगा फुल मेडिकल चेकअप
मैनुअल स्कैवेंजर्स एक्ट 2013 के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर वेतन, तय कार्य घंटे, ईपीएफ और ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, नियोक्ता एजेंसियों को सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म, जूते और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसियों द्वारा कर्मचारियों की वर्ष में दो बार पूर्ण चिकित्सा जांच और सप्ताह में दो बार सामान्य हेल्थ चेकअप कराना अनिवार्य होगा।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष अभियान
राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के तहत आयोजित एलएलसी बैठक में ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, मानसिक मंदता और बहु-निःशक्तता से ग्रसित 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए कानूनी संरक्षक बनाने का अनुमोदन किया गया। जिला दिव्यांगता समिति की बैठक में दूर-दराज के क्षेत्रों तक दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में अल्पसंख्यक छात्रों का आकलन कर शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के आदेश दिए गए।