Kangra News: विधायक केवल सिंह पठानिया ने नव निर्मित चंबी पुल का लिया जायजा, संपर्क मार्गों के समाधान का दिया आश्वासन

4 घंटे पहले
Kangra News

Kangra News: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नव निर्मित चंबी पुल का पैदल चलकर निरीक्षण किया।

केवल सिंह पठानिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रैत बाजार से होते हुए चंबी पुल के दूसरे छोर तक पैदल गए। इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों व दुकानदारों ने अपने-अपने संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि भूमि संबंधी मुद्दों के कारण पूर्व में इन संपर्क मार्गों का कार्य अटका हुआ था, लेकिन अब जमीन मालिकों की सहमति मिल चुकी है और जल्द ही संपर्क मार्गों का निर्माण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।

इससे पूर्व उन्होंने रैत बाजार का भी दौरा किया और व्यापार मंडल के सहयोग से सड़क के दोनों ओर पानी की समुचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जल निकासी की उचित व्यवस्था होने से बारिश के दौरान स्थानीय दुकानदारों व आम जनता को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस दौरान उनके साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर उमाकांत मीणा तथा रैत व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रैत व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत शर्मा, तिलक चौधरी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सिंह और एनएचएआई के अधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...