Kullu News: कुल्लू में अब 25 दिन में होगी LPG रिफिल बुकिंग, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत

54 मिनट पहले
Kullu News LPG Gas

रकेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: कुल्लू जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए गैस रिफिल बुकिंग के समय अंतराल में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पवन कुमार ने जानकारी दी है कि अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता पिछली रिफिल की डिलीवरी या बुकिंग के 25 दिन बाद अगली गैस रिफिल बुक करवा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि फरवरी माह में पश्चिम एशिया में जारी ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उत्पन्न संकट के कारण एलपीजी आपूर्ति को संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से बुकिंग अंतराल तय किया गया था। उस समय शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था। अब स्थिति की समीक्षा के बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए इस समय सीमा को एक समान 25 दिन निर्धारित कर दिया गया है।

पवन कुमार ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे नई व्यवस्था के तहत ही उपभोक्ताओं की 25 दिनों के अंतराल पर रिफिल बुकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने एजेंसियों को इस संशोधित व्यवस्था की जानकारी सभी ग्राहकों तक पहुंचाने और बुकिंग प्रक्रिया में किसी भी तरह की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।

विभागीय अधिकारी ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित 25 दिन की अवधि पूरी होने के बाद ही अपनी अगली रिफिल की बुकिंग करवाएं। इसके अतिरिक्त गैस आपूर्ति या बुकिंग से संबंधित किसी भी सवाल या जानकारी के लिए अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं...