राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कुल्लू-मनाली दौरे को लेकर सुरक्षा समीक्षा, ASL बैठक में बनी रणनीति

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आगामी कुल्लू-मनाली और अटल टनल प्रवास को लेकर प्रशासनिक व सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। मनाली स्थित वाइल्ड लाइफ इन्फॉर्मेशन सेंटर के सभागार में एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने की।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित 6 से 8 अक्तूबर तक के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संचार और आपातकालीन सेवाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए बैठक में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

 

6 से 8 अक्तूबर तक मनाली और अटल टनल का करेंगी दौरा

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 से 8 अक्तूबर तक कुल्लू, मनाली और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी। बैठक में राष्ट्रपति के आवागमन मार्गों, ठहरने के स्थान और कार्यक्रम स्थलों पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बीआरओ, डीआरडीओ, सीआईएसएफ सहित कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

ASL बैठक में इंटेलिजेंस ब्यूरो और जिला प्रशासन कुल्लू के अलावा सीमा सड़क संगठन, डीआरडीओ, सीआईएसएफ एयरपोर्ट अथॉरिटी, बीएसएनएल, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, वन, लोक निर्माण, विद्युत, जल शक्ति, एचपीटीडीसी, पर्यटन विभाग, अभिमास तथा जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

 

आपातकालीन सेवाओं, संचार और पार्किंग व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

बैठक के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत प्रवेश व निकासी द्वार, पार्किंग स्थलों, संचार तंत्र, निर्बाध विद्युत व जल आपूर्ति, अग्निशमन सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करें ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल में कोई चूक न रहे।

खबरें और भी हैं...