Political News: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह गलतफहमी हो गई है कि वह हॉलीलॉज को पूरी तरह से डिसलॉज करने में सफल रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय मुद्दों पर राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह का निरादर करना केवल कांग्रेस की संकीर्ण संस्कृति को दर्शाता है।
प्रतिभा सिंह के बयान ने उजागर की कांग्रेस की भीषण गुटबाजी
मंडी के इंदिरा मार्कीट पार्क में मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंडी सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की हालिया बयानबाजी ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी अब पूरी तरह सतह पर आ चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा के अंदर गुट खोजते रहते हैं, लेकिन आज उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए क्योंकि कांग्रेस में अनगिनत गुट पैदा हो चुके हैं।
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर बोला हमला
राष्ट्रीय राजनीति का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है और उन्हें संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वे पड़ोसी देश के घटनाक्रम से प्रभावित हैं और देश में अराजकता फैलाकर चुनी हुई सरकार को गिराने का भ्रम पाल बैठे हैं।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग‘ रंगोली कार्यक्रम का किया शुभारंभ
इससे पूर्व, जयराम ठाकुर ने मंडी में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के सफल सेवाकाल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि आगामी 25 वर्षों तक भी नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करें।
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और विधायकों समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक में भी शिरकत की। इस अवसर पर मंडी के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा उपस्थित रहे।