रमेश कंवर: शिमला
Shimla Tourism: हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की भीड़भाड़ से दूर एक ऐसा दुर्गम लेकिन बेहद खूबसूरत इलाका है, जो प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। शिमला जिले में समुद्र तल से लगभग 2,674 मीटर की ऊंचाई पर बसा डोडरा गांव हिमालय की गोद में छिपी एक बेहद खूबसूरत और शांत जगह है। भीड़भाड़ से दूर इस गांव में पारंपरिक लकड़ी के घर, सेब के बागान, देवदार के घने जंगल, कलकल बहती पहाड़ी नदियां और बर्फ से ढकी ऊंची चोटियां देखने को मिलती हैं। यहां की समृद्ध स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक पहाड़ी जीवनशैली इस गांव को पर्यटकों के लिए बेहद खास बनाती है।

आजादी के 60 साल बाद 2009 में पहुंची थी सड़क, ट्रांसफर के नाम से कांपते थे कर्मचारी
एक दौर था जब हिमाचल प्रदेश में इस दुर्गम क्षेत्र को ‘काला पानी’ कहा जाता था। भारी हिमपात के कारण यह इलाका सर्दियों में करीब छह महीने तक देश-दुनिया से पूरी तरह कट जाता था, जिस वजह से सरकारी कर्मचारियों को यहां तबादला (ट्रांसफर) करने की धमकी दी जाती थी। यहां आजादी के 60 साल बाद वर्ष 2009 में सड़क सुविधा पहुंची थी। हालांकि अब सड़क और बुनियादी सुविधाएं काफी बेहतर हुई हैं और यहां सरकारी स्कूल व होमस्टे की सुविधाएं भी मिलने लगी हैं। सर्दियों में जब भारी बर्फबारी से रास्ते बंद हो जाते हैं, तब किसी गंभीर मरीज को हायर अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा हेलिकॉप्टर सेवा भी मुहैया करवाई जाती है।

हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर बसा है क्षेत्र, रूपिन पास ट्रैकर्स की पहली पसंद
करीब दो हजार की आबादी वाले डोडरा और क्वार गांव हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित हैं। सर्दियों में हिमाचल की ओर से मार्ग बंद होने के बावजूद यह इलाका उत्तराखंड की तरफ से जुड़ा रहता है। हर साल बड़ी संख्या में ट्रैकर्स उत्तराखंड और शिमला के बीच प्रसिद्ध ‘रूपिन पास’ ट्रैक के जरिए यहां आवाजाही करते हैं। कलकल बहती नदियां, ऊंचे पहाड़, हरियाली और पारंपरिक पहाड़ी खान-पान इस घाटी की मुख्य विशेषताएं हैं।

रुकने की व्यवस्था और घूमने का सबसे बेहतरीन समय
डोडरा गांव में ठहरने के लिए पारंपरिक छोटे होमस्टे और स्थानीय गेस्ट हाउस उपलब्ध हैं, जहां पहाड़ी आवभगत और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया जा सकता है; हालांकि यहां बड़े होटल और लग्जरी रिसॉर्ट की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। डोडरा घूमने का सबसे सही समय जून से अक्टूबर के बीच है, क्योंकि सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी के कारण चांशल दर्रा और संपर्क मार्ग बंद हो जाते हैं।

चांशल दर्रा पार कर तय होता है 180 किमी का सफर
राजधानी शिमला से डोडरा गांव की दूरी लगभग 180 किलोमीटर है। यहां पहुंचने के लिए शिमला से ठियोग, कोटखाई, खड़ापत्थर, हाटकोटी, रोहड़ू, चिड़गांव और लारोट होते हुए प्रसिद्ध चांशल दर्रा पार करना पड़ता है। शिमला से रोहड़ू तक नियमित बस सेवा उपलब्ध है, जबकि रोहड़ू से आगे डोडरा के लिए स्थानीय बस या टैक्सी की सुविधा ली जा सकती है। निकटतम रेलवे स्टेशन शिमला है, जो यहां से लगभग 180 किमी दूर है। पर्यटक कालका रेलवे स्टेशन से भी शिमला पहुंचकर आगे सड़क मार्ग से डोडरा जा सकते हैं।
