हिमाचल पुलिस भर्ती: होम गार्ड्स के जवानों को आयु में 5 साल की बड़ी छूट, रिकॉर्ड 98 हजार से अधिक आवेदन

Himachal News Police Recruitment Age Relaxation

रमेश कंवर: शिमला 

Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के युवाओं और विशेषकर होम गार्ड्स कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। राज्य सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती में होम गार्ड्स जवानों को आयु सीमा में एकमुश्त 5 वर्ष की विशेष छूट प्रदान की है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की सहूलियत को देखते हुए पुलिस भर्ती में आवेदन करने की अंतिम तिथि को 15 दिन और बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से हजारों ऐसे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो अधिक उम्र होने के कारण पुलिस में भर्ती होने की रेस से बाहर हो रहे थे।

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का सीधा असर भर्ती प्रक्रिया पर देखने को मिला है। विस्तारित अवधि के दौरान ही लगभग 21,000 अतिरिक्त अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। 1 सितंबर 2026 को शाम 7:00 बजे तक कुल आवेदनों का आंकड़ा 98,719 तक पहुंच चुका है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इतनी बड़ी संख्या में लगातार हो रहे आवेदनों से यह पूरी तरह साबित होता है कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रहा है और पोर्टल क्रैश होने या बंद पड़ने से जुड़ी खबरें पूरी तरह से तथ्यहीन और भ्रामक हैं।

 

12 जिलों में होंगे ग्राउंड टेस्ट: शीत ऋतु से पहले प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी

अधिसूचित भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) प्रदेश के सभी 12 जिलों में हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और आने वाले शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी, ताकि कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से पहले ग्राउंड टेस्ट की प्रक्रिया को समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। सरकार ने युवाओं के हित में दो बार आवेदन की तारीखें बढ़ाकर अपनी संवेदनशीलता दिखाई है।

खबरें और भी हैं...