Himachal News: हिमाचल प्रदेश के खुले बाजारों में इन दिनों चीनी की कीमतें आसमान छू रही हैं, जहां रिटेल दुकानों में चीनी 70 रुपये से 75 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है। इस बीच प्रदेश के करीब 20 लाख राशन कार्ड धारकों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने सस्ते राशन के डिपुओं में मिलने वाली चीनी के दामों में कोई बढ़ोतरी न करते हुए उपभोक्ताओं को मात्र ₹33 प्रति किलो की रियायती दर पर चीनी उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। इससे डिपो में चीनी खरीदने पर आम जनता को बाजार के मुकाबले 37 रुपये से 42 रुपये प्रति किलो की सीधी बचत होगी।
खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के नियमों के अनुसार डिपुओं में प्रति राशन कार्ड प्रति सदस्य आधा किलो चीनी दी जाती है। इस हिसाब से 5 सदस्यों वाले एक सामान्य परिवार को कुल 2.50 किलोग्राम रियायती चीनी उपलब्ध करवाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश के सभी प्रमुख गोदामों में चीनी की आपूर्ति पहुंच चुकी है। राजधानी शिमला सहित अन्य जिलों में आटा, चावल और दालों के साथ चीनी के परमिट भी डिपो संचालकों को जारी किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में डिपुओं के माध्यम से चीनी का नियमित और सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
खुले बाजार में चीनी महंगी होने के कारण शिमला शहर सहित प्रदेश के कई इलाकों में टी-स्टॉलों पर चाय के दामों में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए, जब घरों में मिठाइयों और व्यंजनों के लिए चीनी की खपत बढ़ जाती है, डिपो से ₹33 किलो चीनी मिलना आम लोगों के बजट को बिगड़ने से बचाएगा। उपभोक्ताओं ने राहत जताते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले त्योहारों के महीनों में भी सरकार राशन डिपो में चीनी के दामों को नियंत्रित रखेगी।