Rampur News: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 4 चिट्टा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से कुल 34.31 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। रामपुर और झाखड़ी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रचोली में कुरुक्षेत्र का युवक 7.15 ग्राम चिट्टे के साथ धराया
पहले मामले में, रामपुर पुलिस थाने की टीम मुख्य आरक्षी पीयूष राज के नेतृत्व में बीते 5 सितंबर की रात रचोली क्षेत्र में गश्त पर थी। रात करीब 9:10 बजे टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कमलवीर (34 वर्ष) पुत्र राम कुमार, निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है। रामपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डेराबस्सी और झाखड़ी के दो तस्कर 6.16 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई भी 5 सितंबर को रचोली क्षेत्र में ही अमल में लाई गई। एएसआई इंद्रजीत की अगुवाई में पुलिस टीम शाम करीब 4:35 बजे क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली, जिनके कब्जे से 6.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान जतिंदर सिंह (30 वर्ष) निवासी डेराबस्सी (पंजाब) और राजा नेगी (30 वर्ष) निवासी झाखड़ी (रामपुर) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ रामपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ज्यूरी के कटोलू पुल पर मंडी का युवक 21 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा
तीसरी और सबसे बड़ी कामयाबी रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में मिली। डिटैक्शन सैल की विशेष टीम ने कटोलू पुल के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से 21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी अंकित ठाकुर (27 वर्ष) निवासी गांव हयोड़, डाकघर सरकाघाट, जिला मंडी का रहने वाला है। इस संबंध में पुलिस थाना झाखड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रामपुर पुलिस अब आरोपियों से नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को लेकर पूछताछ कर रही है।