कुल्लू में नशे के खिलाफ वन विभाग का बड़ा प्रहार: मलाणा के निरंग में 20 बीघा पर लहलहाती अवैध भांग की फसल नष्ट, माफिया में हड़कंप

Kullu News Malana Cannabis Destruction

Kullu News: कुल्लू जिले में नशे के काले कारोबार और अवैध नशे की खेती के खिलाफ वन विभाग ने अब तक का सबसे कड़ा रुख अपना लिया है। वन विभाग की एक विशेष टीम ने पार्वती घाटी के अंतर्गत आने वाली मलाणा बीट के अति दुर्गम निरंग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर करीब 20 बीघा सरकारी व वन भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई भांग की लहलहाती फसल को पूरी तरह उखाड़ कर नष्ट कर दिया है।

यह पूरी कार्रवाई वन विभाग द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे विशेष भांग उन्मूलन अभियान के तहत अमल में लाई गई है। यह अभियान वन विभाग के असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (ACF) सार्थक पराशर के सीधे मार्गदर्शन और नेतृत्व में चलाया जा रहा है। वन विभाग की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से मलाणा और आसपास के पहाड़ी इलाकों में अवैध रूप से भांग की खेती करने वाले नशा माफिया और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

 

जब तक पूरी तरह खत्म न होगी भांग, जारी रहेगा महा-अभियान

वन विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि यह कार्रवाई महज एक दिन का सांकेतिक अभियान नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली मुहीम का हिस्सा है। विभाग की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि मलाणा बीट और इसके साथ लगते तमाम ऊंचे थाचों (अस्थाई चरागाहों) में जब तक भांग का एक-एक पौधा पूरी तरह नष्ट नहीं कर दिया जाता, तब तक यह अभियान बिना रुके जारी रहेगा। दुर्गम से दुर्गम इलाकों में भी टीमें पैदल पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं।

 

ग्रामीणों को सख्त हिदायत, नशा उन्मूलन अभियान में सहयोग की अपील

इस बड़ी सफलता के बाद वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और घाटी के लोगों के लिए सख्त चेतावनी के साथ-साथ एक विशेष अपील भी जारी की है। विभाग ने स्थानीय लोगों से कहा है कि वे किसी भी सूरत में अवैध भांग की खेती और नशे के कारोबार में शामिल न हों। इसके अतिरिक्त, वन विभाग ने ग्रामीणों से आह्वान किया है कि वे घाटी को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे इस उन्मूलन अभियान में पुलिस और प्रशासन का खुलकर सहयोग करें।

खबरें और भी हैं...