Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकनाथ में आयोजित 54वीं जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य कंचन ठाकुर ने की। उन्होंने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा मेडल देकर सम्मानित किया और कहा कि खेलों में हार-जीत से बढ़कर खेल भावना और निरंतर मेहनत सबसे महत्वपूर्ण होती है।
प्रतियोगिता में थिरोट स्कूल के खिलाड़ी सक्षम ने एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़ और लंबी कूद में तीन स्वर्ण (गोल्ड) पदक अपने नाम किए, जिसके लिए उन्हें प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट (बेस्ट एथलीट) घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के टीम मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में त्रिलोकनाथ ने जाहलमा को हराकर खिताब जीता। खो-खो स्पर्धा में भी त्रिलोकनाथ की टीम विजेता तथा उदयपुर उपविजेता रही।
कबड्डी स्पर्धा में शंशा ने त्रिलोकनाथ को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके अलावा बैडमिंटन में केलांग ने त्रिलोकनाथ को हराकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि टेबल टेनिस में गोंधला की टीम विजेता और लॉट की टीम उपविजेता बनी।
एथलेटिक्स के थ्रोइंग इवेंट्स में शॉटपुट में शंशा के ऋषिक ने स्वर्ण, टिंगरेट के सुजल ने रजत तथा थिरोट के रिदम ने कांस्य पदक जीता। डिस्कस थ्रो में त्रिलोकनाथ के कारन ने स्वर्ण, शकोली के आदित्य ने रजत और उदयपुर के ईशान ने कांस्य पदक हासिल किया। जैवलिन थ्रो में शंशा के ऋषिक ने फिर से बाजी मारते हुए स्वर्ण, टिंगरेट के छेरिंग दोरजे ने रजत तथा मूरिंग के ईशान ने कांस्य पदक जीता।
जंपिंग इवेंट्स में लंबी कूद में थिरोट के सक्षम ने स्वर्ण, टिंगरेट के सिद्धार्थ ने रजत और उदयपुर के ईशान ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। ट्रिपल जंप में मालंग के अभय ने स्वर्ण तथा शंशा के सुजल ने रजत पदक जीता।
ट्रैक इवेंट्स की 100 मीटर स्प्रिंट में थिरोट के सक्षम ने स्वर्ण, शंशा के ऋषिक ने रजत और केलांग के सुशांत ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में मूरिंग के ईशान ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि जाहलमा के अविकल दूसरे और उदयपुर के विवेक तीसरे स्थान पर रहे।
400 मीटर दौड़ में शकोली के आशीष ने स्वर्ण और शकोली के ही विवेक ने रजत पदक जीता। 800 मीटर दौड़ में थिरोट के सक्षम ने स्वर्ण, त्रिलोकनाथ के सुरेश ने रजत तथा आशुतोष ने कांस्य पदक हासिल किया। मेज़बान स्कूल के प्रधानाचार्य अवनिरेन्दर सिंह राधेश ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों, खेल शिक्षकों और स्थानीय महिला मंडल का आभार व्यक्त किया।