Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा की दो पंचायतों में सरकारी कामकाज को लेकर गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। जांच के बाद इन मामलों में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो पंचायत सचिवों पर गाज गिराई है। एक सचिव को सरकारी नौकरी से बर्खास्त किया गया है, जबकि दूसरे को निलंबित कर दिया गया है। दोनों मामले मैहला और सेईकोठी पंचायत से जुड़े हैं।
अक्टूबर 2025 में शुरू हुई थी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा की ग्राम पंचायत मैहला में सरकारी कामकाज से जुड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां पर पंचायत सचिव के खिलाफ अक्टूबर 2025 में जांच शुरू हुई थी। 13 अक्टूबर 2025 को उन्हें नोटिस देकर उनके खिलाफ लगे आरोपों के बारे में बताया गया। उन पर सरकारी नियमों का पालन न करने का आरोप था। मामले की जांच के लिए चंबा के SDM को जिम्मेदारी दी गई थी।
जांच में सच साबित हुए आरोप
जांच की रिपोर्ट आने के बाद DC चंबा मुकेश रेप्सवाल ने इसकी एक कॉपी पंचायत सचिव को भी दी। 6 जुलाई 2026 को उन्हें पत्र भेजकर कहा गया कि अगर जांच में सामने आई बातों पर उन्हें कोई आपत्ति है तो वे लिखकर अपना जवाब दे सकते हैं। साथ ही उन्हें खुद सामने आकर अपनी बात रखने का मौका भी दिया गया।
सामान खरीदने में मिली गड़बड़ी
जांच में पता चला कि मैहला पंचायत में सामान खरीदने, उसे पंचायत में लाने, स्टॉक में दर्ज करने और रखने के काम में गड़बड़ी हुई थी। मामले की जांच के बाद DC मुकेश रेप्सवाल ने पंचायत सचिव को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।
सेईकोठी में मृत व्यक्ति के नाम पर मिला PM आवास
वहीं, चुराह की सेईकोठी पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर घर मंजूर कर दिया गया, जिसकी मौत हो चुकी थी। मामला सामने आने के बाद जांच की गई। जांच के बाद तत्कालीन पंचायत सचिव को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, ग्राम रोजगार सेवक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
ग्राम रोजगार सेवक को दूसरी पंचायत भेजने के निर्देश
मामले में खंड विकास अधिकारी तीसा को ग्राम रोजगार सेवक को मौजूदा पंचायत से दूसरी पंचायत में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई ADC चंबा अमित मैहरा ने खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की है।
पंचायत सचिव सस्पेंड
जांच में पता चला कि योजना का लाभ देने से पहले लोगों की सही तरह से जांच नहीं की गई थी। रिकॉर्ड देखने और योजना के नियमों का पालन करने में भी लापरवाही हुई। इसके बाद ADC अमित मैहरा ने कार्रवाई के आदेश जारी किए। ADC चंबा अमित मैहरा ने बताया कि इस मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव को सस्पेंड किया गया है। वहीं, ग्राम रोजगार सेवक से भी जवाब मांगा गया है।