शिमला के होटल में पंजाब की नाबालिग से 1 महीने तक दरिंदगी, जबरन उठाकर लाया था आरोपी यासीन, पीड़िता ने हाईकोर्ट से लगाई गुहार

Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के एक होटल से किसी तरह जान बचाकर भागी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की आपबीती ने पंजाब से शुरू हुए एक सनसनीखेज व खौफनाक वारदात का पर्दाफाश किया है। पंजाब के होशियारपुर निवासी यासीन नाम के युवक पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़की को उसके घर से जबरन अगवा कर शिमला लाया था। यहां एक होटल के कमरे में उसे एक महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया।

नाबालिग पीड़िता का आरोप है कि आरोपी यासीन उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि वह पहले ही उसके निकाह के प्रस्ताव को ठुकरा चुकी थी।

पीड़ित परिवार के अनुसार, लड़की की आरोपी यासीन से पहली मुलाकात मलेरकोटला में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी, जहां आरोपी ने उसे अपना मोबाइल नंबर दिया था। 17 जुलाई को जब लड़की घर पर अकेली थी और परिवार के लोग बाहर गए हुए थे, तब यासीन अपने साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया। आरोपियों ने घर में रखी पेटी का कुंडा तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के गहने लूटे और नाबालिग को जबरन कार में बिठाकर शिमला ले आए।

शिमला पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे एक होटल के कमरे में कैद कर दिया। यासीन जब भी बाहर जाता, तो दरवाजे पर बाहर से ताला लगा देता था।

होटल के कमरे में एक महीने तक नर्क जैसी जिंदगी गुजारने के बाद नाबालिग किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रही और शिमला में रह रही अपनी बुआ के पास पहुंची। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

परिवार का गंभीर आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इस ढुलमुल कार्यप्रणाली से तंग आकर अब पीड़ित परिवार को न्याय की गुहार लगाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा है।

खबरें और भी हैं...