रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: भारतीय सेना की 26 पंजाब यूनिट द्वारा युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, साहस और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष साइकिलिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह साहसिक साइकिल अभियान हरियाणा के अंबाला कैंट से शुरू होकर जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग पहुंचा और यहां से आगे पंजाब के जालंधर तक आयोजित किया जा रहा है। इस पूरी यात्रा के दौरान सेना के जांबाज जवान साइकिल से लगभग 1,200 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय करेंगे।
साइकिल अभियान के दौरान भारतीय सेना के जवान विभिन्न पड़ावों पर स्कूली विद्यार्थियों, नेशनल कैडेट कोर (NCC) कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी कड़ी में टीम लीडर कैप्टन अनीश एम. और डिप्टी टीम लीडर सूबेदार कुलवंत मान की अगुवाई में सेना की टीम ने पलचन, केलांग, पंडोह और चौंतड़ा में युवाओं तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया।
युवाओं को दी सेना भर्ती और करियर के अवसरों की जानकारी, आयोजित हुआ प्रश्नोत्तर सत्र
इन संवाद कार्यक्रमों के दौरान सेना के अधिकारियों व जवानों ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना की समृद्ध कार्यप्रणाली, कठोर अनुशासन, राष्ट्रसेवा के मूल्यों और सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जवानों ने युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए आवश्यक शैक्षिक पात्रता, शारीरिक मानकों, चयन प्रक्रिया तथा विभिन्न एंट्री स्कीमों (प्रवेश योजनाओं) के प्रति जागरूक किया। साथ ही जवानों ने सीमा पर अपने अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्रश्नोत्तर (Q&A) सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सेना में भर्ती प्रक्रिया और भविष्य के करियर से जुड़े कई सवाल पूछे। सेना के जवानों ने विद्यार्थियों की सभी शंकाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया और सही उत्तर देने वाले मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
पीएम श्री स्कूलों में आयोजित हुए कार्यक्रम, युवाओं में दिखा खासा उत्साह
यह प्रेरणादायक कार्यक्रम राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलचन, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंडोह तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौंतड़ा में आयोजित किए गए। इसके अलावा केलांग और कुल्लू के स्थानीय युवाओं के साथ भी सेना के जवानों ने विशेष संवाद किया। इन सभी आयोजनों में स्थानीय विद्यार्थियों और युवाओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। सेना के जवानों ने युवाओं से दैनिक जीवन में शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, अनुशासन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।