Himachal News: ऊना जिले के हरोली उपमंडल में पूर्व सैनिकों के कल्याण और सम्मान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही ‘न्यू हरोली’ परिकल्पना के तहत 3.50 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पूर्व सैनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 1 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किश्त लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी है। इस भवन के निर्माण कार्य को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को हरोली जल भवन में इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग के पूर्व सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जांबाज सैनिकों का सिविल जीवन में भी पूरा सम्मान होना चाहिए और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना प्रदेश सरकार की सर्वाच्च प्राथमिकता है।
पूर्व सैनिकों को मिलेगा अपना स्थायी मंच
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस पूर्व सैनिक भवन के बनने से भूतपूर्व सैनिकों को अपनी बैठकों, सामाजिक आयोजनों और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के संचालन के लिए एक बेहतर व स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों के अमूल्य योगदान को राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए। सैनिकों की शहादत और शौर्य को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि इसी भावना के तहत घालुवाल में भारतीय सेना का एक टैंक स्थापित किया गया है, ताकि भावी पीढ़ियां हमारे देश के वीरों के बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा ले सकें।
‘न्यू हरोली‘ परिकल्पना से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के पूरे क्षेत्र को ‘विकास पथ’ के रूप में निखारा जा रहा है। न्यू हरोली प्रोजेक्ट के अंतर्गत यहां हेलीपोर्ट, अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला सिंथेटिक ट्रैक, इनडोर स्टेडियम, एटीएस, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता का कार्यालय, राज्य अनुसूचित जाति आयोग का कार्यालय, जिला कोर्ट परिसर तथा उद्योग विभाग के कार्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।
घोषणा से गदगद हुए एक्स सर्विसमैन
इस अवसर पर इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग ऊना के प्रधान कैप्टन शक्ति चंद्र ने पूर्व सैनिक भवन के लिए बेशकीमती भूमि और बजट स्वीकृत करने पर उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, लेफ्टिनेंट (नेवी) एसपी शर्मा, सूबेदार दिलबाग सिंह सहित कई वरिष्ठ पूर्व सैनिक अधिकारी मौजूद रहे।