Lahaul Spiti News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 7 अक्तूबर को जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम करना शुरू कर दिया है। दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी प्रोटोकॉल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और इसके आसपास के इलाकों में विभिन्न गतिविधियों पर कड़े प्रतिबंध लागू करने के आदेश जारी किए गए हैं।
डीसी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और उससे सटे पूरे क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से ‘नो ड्रोन zone’ घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से इस पूरे इलाके में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानवरहित हवाई उपकरण (UAV) अथवा कैमरे वाले उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।
30 सितंबर तक अस्थायी दुकानें हटाने के निर्देश
राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने साहसिक पर्यटन और स्थानीय विक्रेताओं पर भी कड़े निर्देश लागू किए हैं। आदेश के तहत 5 अक्तूबर से 7 अक्तूबर तक अटल टनल नॉर्थ पोर्टल के समीप संचालित सभी वेंडर्स, टूरिज्म ऑपरेटर्स, जिप लाइन, रिवर राफ्टिंग तथा अन्य सभी संबद्ध साहसिक पर्यटन गतिविधियों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में अस्थायी या स्थायी तौर पर दुकानें व फड़ी लगाने वाले सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे 30 सितंबर तक अपने कब्जे वाले अथवा आवंटित स्थानों को अनिवार्य रूप से खाली कर दें, ताकि सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र को पूरी तरह से सैनिटाइज कर सकें।
पुलिस व वन विभाग समन्वय स्थापित कर लागू करेंगे आदेश, प्रशासन ने जनता से मांगी सहयोग की अपील
उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी संबंधित सरकारी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों को इन आदेशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति, डीएफओ लाहौल, एसडीएम केलांग और तहसीलदार लाहौल को आपसी समन्वय स्थापित कर ग्राउंड लेवल पर प्रभावी व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने सभी पर्यटन कारोबारियों, वेंडर्स, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे राष्ट्रपति के इस गरिमामयी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।