नेशनल न्यूज नेटवर्क
Kangra News: कांगड़ा जिले के धर्मशाला क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने अपनी ही दो नाबालिग जुड़वां बेटियों के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। चिकित्सा विशेषज्ञों से पीड़िताओं की मेडिकल रिपोर्ट की अंतिम पुष्टि मिलने के बाद महिला पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने यह सख्त कानूनी कार्रवाई की है।
घटना गत 3 अक्टूबर की बताई जा रही है। चाइल्डलाइन के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में 7 अक्टूबर को महिला पुलिस थाना धर्मशाला में एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआती दौर में बच्चियों और उनकी मां की ओर से केवल छेड़छाड़ की बात कही गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पीड़िताओं और उनकी मां की व्यवस्थित काउंसलिंग करवाई। इसके पश्चात 13 अक्तूबर को दोनों नाबालिगों के बयान अदालत में दर्ज कराए गए और उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट की अंतिम पुष्टि मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को दबोच लिया।
एसपी कांगड़ा ने की पुष्टि, पुलिस कर रही है निष्पक्ष जांच
इस पूरे मामले को लेकर कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुलभूषण वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि चिकित्सीय जांच की अंतिम रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस गंभीर मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्षता के साथ गहन जांच कर रही है ताकि पीड़िता बच्चियों को पूरा न्याय मिल सके।