Bilaspur News: बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे की बड़ी खेप बरामद की है। फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक कार को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें से 151.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद नशे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने कार सवार पंजाब के अमृतसर जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने नशे की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए धराड़सानी फोरलेन पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार पुलिस टीम के रडार पर आई। पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोका और कार की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान कार में सवार तीनों युवकों के कब्जे से कुल 151.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसे देखकर पुलिस टीम भी सतर्क हो गई।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय जितेंद्र सिंह, 25 वर्षीय जोवन जीत सिंह और 32 वर्षीय गुरचंट सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के न्यू कृपा नगर, नारायणगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा कहां से लेकर आए थे और हिमाचल में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
छानबीन में जुटी पुलिस
मामले को लेकर पुलिस थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां नशे की इस सप्लाई चेन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के पीछे कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि बरामद चिट्टे के स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।