Bilaspur News: बिलासपुर जिले के जामली मेन मार्केट में खड़े ट्रक-कैंटर (HP-24F-7741) को आग के हवाले करने के मामले को सदर थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में 4 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) और प्राथमिकी संख्या 226/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के आधार पर पुलिस ने आरोपी बलवंत सिंह, पुत्र रामजी दास, निवासी जामली (तहसील सदर, जिला बिलासपुर) को धर दबोचा।
शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने ही परिवार के वाहन में आग लगाई थी। परिजनों ने यह ट्रक आरोपी के भाई को चलाने के लिए सौंपा था, जिससे नाराज होकर और आपसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की संभावना को लेकर भी आरोपी से पूछताछ जारी है।