कुनिहार में दर्दनाक हादसा: घास काटने की मशीन में उतरा करंट, 46 वर्षीय महिला की मौके पर मौत

Himachal News

Himachal News: सोलन जिले में कुनिहार क्षेत्र के अंतर्गत आते हाटकोट गांव में एक अत्यंत दुखद हादसा पेश आया। यहां घर पर पशुओं के लिए घास काटने वाली टोका मशीन में अचानक करंट दौड़ जाने से 46 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतका की पहचान हाटकोट निवासी बनिता पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय बनिता रोजाना की तरह अपने घर में टोका मशीन पर पशुओं के लिए घास काटने का काम कर रही थी। इसी दौरान मशीन में अचानक आए भीषण करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।

परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत किया घोषित

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बनिता को इलाज के लिए कुनिहार के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अर्की अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जहां गमगीन माहौल में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।

खबरें और भी हैं...