Himachal News: 19 वर्षीय युवती ने कमरे में फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

Himachal News

Himachal News: चंबा जिले में उपमंडल सलूणी के तहत भेलू गांव में एक युवती ने अपने ही कमरे में पंखे की कुंडी से दुपट्टे का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों द्वारा युवती को तुरंत नागरिक अस्पताल सलूणी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सलूणी की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खिड़की से लटकती दिखी बेटी, दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

मृतका के पिता राजिंद्र कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे उनकी बेटी रिया ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चली गई। रात करीब 11 बजे जब वह कमरे के बाहर से गुजर रहे थे, तो खिड़की से अंदर झांकने पर रिया फंदे से लटकी नजर आई। पिता ने तुरंत अपने बेटे करण कुमार को बुलाया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण दोनों ने कुंडी तोड़ी और रिया को नीचे उतारा। इसके बाद उसे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल सलूणी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फोन पर बात करने को लेकर पिता ने दिया था समझाया

पिता ने पुलिस को बताया कि रिया एक युवक से फोन पर बात करती थी, जिसके चलते तीन-चार दिन पहले उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया गया था। हालांकि, बेटी द्वारा दोबारा उस लड़के से बात न करने का भरोसा देने पर 25 सितंबर को उसका फोन वापस लौटा दिया गया था।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।

खबरें और भी हैं...