एशियन गेम्स 2026: महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक, अनुराग ठाकुर ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

Indian Women Kabaddi Team Gold Asian Games 2026 Himachal News

Himachal News: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपने शानदार और अजेय प्रदर्शन के बदौलत स्वर्ण पदक अपने नाम कर पूरे देश का मान बढ़ाया है। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश से सांसद अनुराग ठाकुर ने भारतीय महिला कबड्डी टीम, टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधी बातचीत कर जीत की शुभकामनाएं दीं और देश का नाम रोशन करने के लिए आभार जताया।

सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम की यह स्वर्णिम उपलब्धि पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस अभूतपूर्व आत्मविश्वास, अनुशासन और दमदार खेल का प्रदर्शन किया, उसने भारत का नाम एशिया के सबसे बड़े खेल मंच पर एक बार फिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

देवभूमि की बेटियों के शानदार प्रदर्शन की विशेष सराहना

इस स्वर्णिम सफलता में हिमाचल प्रदेश का योगदान बेहद खास और ऐतिहासिक रहा। भारतीय टीम में शामिल हिमाचल की चार बेटियों कप्तान पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी बेहतरीन खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। सांसद अनुराग ठाकुर ने इन खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि इन बेटियों के दमदार खेल ने हर हिमाचली का सिर विशाल हिमालय की तरह ऊंचा कर दिया है और ये बेटियां प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का अभिमान हैं।

पुष्पा राणा के सफल नेतृत्व में बरकरार रहा दबदबा

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कमान हिमाचल की होनहार खिलाड़ी पुष्पा राणा के हाथों में थी, जबकि सोनाली शिंगाते उपकप्तान थीं। पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय टीम ने ग्रुप चरण से ही दबदबा बनाए रखा और बांग्लादेश, ईरान तथा जापान जैसी मजबूत टीमों को शिकस्त दी। हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद 2026 में भी भारतीय टीम ने अपने खिताब का सफलतापूर्व बचाव किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनीं हिमाचल की चार बेटियां

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि देश की बेटियों की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का सुखद परिणाम है। छोटे से पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नेतृत्व करना और स्वर्णिम सफलता हासिल करना बेहद प्रेरणादायक है। रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर की यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

खबरें और भी हैं...