ब्रह्मऋषि मिशन स्कूल ने धूमधाम से मनाया 30वां वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों ने जमाया रंग

11 घंटे पहले
Brahmrishi Mission School Jarar

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित ब्रह्मऋषि मिशन स्कूल जरड़ का 30वां वार्षिकोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधिका स्वामी स्वयं प्रभा और प्रधानाचार्य नरेंद्र ठाकुर के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में ब्रह्मऋषि मिशन की ओर से स्वामी गुरुप्रिया, स्वामी विष्णुप्रिया एवं स्वामी डॉ. अमृता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सुरीली तान में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कुल्लवी नाटी ने बांधा समां

वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक कक्षागत प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मूक नाटिका, उत्तराखंड व राजस्थान के पारंपरिक लोकनृत्य, अंग्रेजी नाटक और संस्कृत नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाती कुल्लवी नाटी की शानदार प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।

 

मेधावियों को मिला सम्मान, स्वामी कृष्णकांता जी ने दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान ब्रह्मऋषि बाबरा जी का भी भावपूर्ण स्मरण किया गया। ब्रह्मऋषि मिशन की अध्यक्ष स्वामी कृष्णकांता जी महाराज ने अपना विशेष संदेश और आशीर्वाद भेजकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन ने विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान किया।

खबरें और भी हैं...