रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के 1,471 पंजीकृत श्रमिकों तथा उनके आश्रितों को 5,78,81,725 रुपये की वित्तीय सहायता राशि प्रदान की। इस आर्थिक मदद से विधवा, दिव्यांग व जरूरतमंद श्रमिक परिवारों के साथ-साथ उनके बच्चों को उच्च शिक्षा, विवाह और अन्य आवश्यकताओं के लिए बड़ा संबल मिला है।
मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विधवा, एकल, निराश्रित एवं दिव्यांग महिलाओं को मकान निर्माण के लिए कुल 45.95 लाख रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित वर्गों को पारदर्शी तरीके से सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
शिक्षा और विवाह सहायता पर खर्च हुई बड़ी राशि
श्रमिकों के बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा सहायता योजना के तहत 968 लाभार्थियों को 2,74,04,500 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इसी प्रकार विवाह सहायता योजना के अंतर्गत 359 पात्र लाभार्थियों को 1,83,09,000 रुपये प्रदान किए गए।दुर्घटना मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के 21 मामलों में 54.20 लाख रुपये, मातृत्व एवं पितृत्व लाभ के 30 मामलों में 7.14 लाख रुपये तथा बालिका जन्म उपहार योजना के तहत 15 बालिकाओं के परिवारों को 7.65 लाख रुपये वितरित किए गए। इसके अलावा मानसिक दिव्यांग आश्रितों और दिव्यांग पेंशन मद में भी सहायता राशि जारी की गई।
कांगड़ा, हमीरपुर और चंबा समेत सभी जिलों के श्रमिकों को मिला लाभ
बोर्ड के माध्यम से प्रदेश भर के विभिन्न जिलों और उप-कार्यालयों के पात्र कामगारों को यह राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 270 लाभार्थियों को 1,02,07,200 रुपये तथा हमीरपुर के 225 लाभार्थियों को 76,74,400 रुपये प्रदान किए गए। चंबा जिले के 164 लाभार्थियों को 70.54 लाख रुपये, मंडी क्षेत्र के 171 लाभार्थियों को 64.80 लाख रुपये, सिरमौर के 140 लाभार्थियों को 51.80 लाख रुपये तथा किन्नौर के 126 लाभार्थियों को 48.39 लाख रुपये की सहायता मिली।
शिमला, कुल्लू और अन्य जिलों में भी बांटी गई सहायता राशि
शिमला क्षेत्र में 88 लाभार्थियों को 45,58,253 रुपये, ऊना के 72 लाभार्थियों को 33,93,400 रुपये, बिलासपुर के 104 लाभार्थियों को 32,98,800 रुपये, सोलन के 63 लाभार्थियों को 30,51,000 रुपये तथा कुल्लू के 48 लाभार्थियों को 21,43,001 रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी और त्वरित लाभ देने के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है ताकि किसी भी श्रमिक को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
विकास की रीढ़ हैं श्रमिक, सरकार हर कदम पर साथ: नरदेव सिंह कंवर
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार मजदूर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के बुनियादी ढांचे के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। बोर्ड का प्रयास है कि अंतिम छोर पर खड़े पंजीकृत मजदूर और उनके परिवार तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पहुंचे।