रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर बुशहर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। इस विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, पर्यटन, शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी, समाज में समानता और नशे जैसी ज्वलंत सामाजिक समस्याओं पर मुख्यमंत्री से खुलकर प्रश्न पूछे।
विद्यार्थियों के सवालों का आत्मीयता से उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के नए भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राजनीति नहीं तो खेती-बाड़ी करते, पसंदीदा व्यंजन सिड्डू: मुख्यमंत्री
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत जीवन और करियर के विकल्पों से जुड़े सवाल भी पूछे। राजनीति चुनने के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन से ही जनसेवा में उनकी रुचि रही है और राजनीति भी देश सेवा का एक सशक्त माध्यम है। जब एक छात्र ने पूछा कि यदि वे राजनीति में न होते तो क्या करते, तो मुख्यमंत्री ने सहजता से जवाब दिया कि वे खेती-बाड़ी करते। उन्होंने अपने पसंदीदा भोजन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें हिमाचल के पारंपरिक स्थानीय व्यंजन बेहद पसंद हैं और ‘सिड्डू’ उनका पसंदीदा व्यंजन है।
शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी होगी कम
विद्यार्थियों ने स्कूलों में अध्यापकों से गैर-शैक्षणिक कार्य करवाए जाने से पढ़ाई में होने वाले नुकसान की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था में सुधार कर रही है और प्रयास किया जा रहा है कि शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी कम से कम की जाए ताकि वे पठन-पाठन पर अधिक समय दे सकें। 150 छात्रों पर केवल एक हिंदी शिक्षक होने के एक छात्रा के सवाल पर उन्होंने विद्यालय में शीघ्र अतिरिक्त शिक्षक तैनात करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अयोध्या एक्सपोजर विजिट का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ कर रही है।
विद्यार्थियों को मोबाइल से दूर रहने की सलाह
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की सलाह दी और याद दिलाया कि स्कूलों में मोबाइल के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बचपन जीवन का सबसे स्वर्णिम समय होता है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करनी चाहिए।
रामपुर में ‘एंटी चिट्टा‘ रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, छात्रों को दिलाई शपथ
संवाद कार्यक्रम के समापन के उपरांत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर से ‘एंटी चिट्टा’ (नशा विरोधी) रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी रैली में पैदल चले। रैली मुख्य बाजार से होते हुए स्कूल मैदान में संपन्न हुई, जहां मुख्यमंत्री ने सैकड़ों विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रत्न, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।