Himachal News: शिमला जिले के उपमंडल कुपवी में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां पहाड़ी से नीचे खाई में गिरने से एक 46 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान भीम सिंह पुत्र सीता राम, निवासी गांव जुड्डू, डाकघर व तहसील कुपवी (जिला शिमला) के रूप में हुई है।
मृतक पेशे से मिस्त्री का काम करता था और इन दिनों स्थानीय मंदिर निर्माण कार्य में जुटा हुआ था। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बस से सामान लेने के दौरान फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीम सिंह खेतीबाड़ी के साथ-साथ राजमिस्त्री का कार्य भी करता था। इन दिनों वह कुपवी के सनत गांव में शिरगुल महाराज मंदिर के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि नेरवा-समताड़ा बस के माध्यम से उसका कुछ सामान आ रहा था। बस से सामान प्राप्त करने की जल्दबाजी में वह उतराई वाले रास्ते से सड़क की ओर तेजी से दौड़ रहा था। इसी दौरान ढलान पर अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसे बेहद गंभीर अवस्था में खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए उसे तत्काल राजगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शवगृह में शव का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि ऊंचाई से गिरने के कारण मृतक के सिर और कान पर गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
हादसे की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आगामी कानूनी छानबीन की जा रही है।