Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस थाना नालागढ़ के तहत न्यू नालागढ़ क्षेत्र में झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अकवर पुत्र मुस्ताक, निवासी गांव नानीवाल, डाकघर खेड़ा तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है।
घटना स्थल के समीप नशे का टीका लगाने वाली सिरिंज मिलने के बाद क्षेत्र में नशाखोरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, न्यू नालागढ़ में झाड़ियों के बीच पड़ा शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद नालागढ़ पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की।
मौके पर पहुंचे मृतक के ताया ने शव की शिनाख्त अकवर के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
घटनास्थल की बारीकी से की गई छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सिरिंज बरामद हुई है। इसके आधार पर प्राथमिक दृष्टि में यह आशंका जताई जा रही है कि मामला नशे के ओवरडोज से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत तफ्तीश कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कानूनी कार्रवाई: एसपी विनोद धीमान
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने शव को नालागढ़ अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।