Himachal News: रामपुर के दुर्गम गांव काशा पाट पहुंचे सीएम सुक्खू, ग्रामीण के घर किया रात्रि विश्राम, नए स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ की घोषणा

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अत्यंत दुर्गम गांव काशा पाट पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इस सुदूर गांव में रात्रि प्रवास कर एक नई मिसाल पेश की और ग्रामीण सुपन दास के घर पर विश्राम किया। काशा पाट पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक वेशभूषा भेंट कर सम्मानित किया। देर रात तक आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हुए मुख्यमंत्री स्वयं भी कुल्लवी व हिमाचली नाटी में शामिल हुए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते हैं और राज्य की वास्तविक समृद्धि गांवों के आर्थिक विकास पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नए स्कूल भवन के लिए 2 करोड़

काशा पाट में बच्चों की सुलभ शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने नए स्कूल भवन के निर्माण हेतु 2 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव में एक आधुनिक खेल मैदान विकसित करने का भी ऐलान किया गया। दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक नई बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है।

 

बस खरीद पर भारी सब्सिडी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर कोई व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपये की लागत से बस खरीदकर इस मार्ग पर सेवा शुरू करता है, तो राज्य सरकार उसे 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करेगी। यही योजना रोहड़ू क्षेत्र के लिए भी लागू होगी। इसके अलावा, बस मालिक को शुरुआती पांच वर्षों तक प्रति माह 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जाएगी।

 

महिला मंडलों को 5 लाख तक की आर्थिक मदद

ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिन महिला मंडलों के पास अपने भवन नहीं हैं, उन्हें भवन निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं, जिन महिला मंडलों के पास पहले से भवन उपलब्ध हैं, उन्हें जरूरी सामान खरीदने के लिए 1-1 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार शीघ्र ही ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना शुरू करने जा रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। पर्यावरण और ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए सामान्य क्षेत्रों में 4 प्रतिशत तथा जनजातीय इलाकों में 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी दी जा रही है। सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं के उत्साहवर्धन के लिए मुख्यमंत्री ने 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।

 

होम स्टे पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरित, ग्रामीणों में भारी उत्साह

पर्यटन को पंख लगाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने काशा पाट में होम स्टे के लिए पंजीकृत चार स्थानीय निवासियों को प्रमाण-पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि होम स्टे से सुदूर क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए साधन बनेंगे। साथ ही उन्होंने विश्व पर्यटन सप्ताह के उपलक्ष्य में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

 

ग्रामीणों बोले थैंक यू

मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक रात्रि प्रवास पर गृहस्वामी सुपन दास और महिला मंडल सदस्य वीना देवी सहित समस्त ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने काशा पाट जैसे दुर्गम गांव में रात बिताकर ग्रामीणों का मान बढ़ाया है। इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...