Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बच्चों के अनुरोध पर अपना काफिला रोक दिया। मुख्यमंत्री कंसा चौक पर आयोजित एक विशाल जनसभा और रैली को संबोधित करने जा रहे थे। रास्ते में डीएवी स्कूल नेरचौक के समीप सड़क किनारे खड़े बच्चों ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपनी सवारी रुकवाई।
सड़क से रैली स्थल की ओर पारंपरिक घोड़े की बग्घी पर सवार होकर जा रहे मुख्यमंत्री बच्चों का उत्साह देखकर स्वयं बग्घी से नीचे उतर आए। उन्होंने डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे काफी देर तक आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री के इस सहज और सरल व्यवहार से बच्चे बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बातचीत के दौरान बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने बच्चों से जीवन के संघर्षों से न घबराते हुए अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।