रमेश कंवर: केलांग (लाहौल-स्पीति)
Himachal News: जनजातीय जिले लाहुल स्पीति के केलंग उपमंडल के अंतर्गत तिनों गांवों के निवासियों ने प्रस्तावित रेलवे स्टेशन के स्थान को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। ग्रामीणों ने परियोजना अधिकारी आईटीडीपी अश्वनी कुमार के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा रेल मंत्रालय को एक ज्ञापन प्रेषित कर प्रस्तावित स्थल पर पुनर्विचार करने और रेलवे स्टेशन को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जिस स्थल को रेलवे स्टेशन के लिए चिन्हित किया गया है, वहां निर्माण होने से ग्रामीणों को अपनी मुख्य उपजाऊ कृषि भूमि से हाथ धोना पड़ सकता है।
किसानों की आजीविका पर संकट, उपजाऊ जमीन बचाने की लगाई गुहार
ग्रामवासियों का कहना है कि कृषि और बागवानी ही इस दुर्गम क्षेत्र में किसानों की आजीविका का मुख्य साधन हैं। यदि प्रस्तावित स्थान पर ही रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाता है, तो किसानों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट पैदा हो जाएगा। ग्रामीणों ने सरकार और रेल मंत्रालय से आग्रह किया है कि ऐसी संतुलित व्यवस्था बनाई जाए जिससे क्षेत्र में विकास कार्य भी सुचारू रूप से आगे बढ़ें और तिनों गांवों के किसानों की उपजाऊ जमीन तथा आजीविका के साधन भी पूरी तरह सुरक्षित रहें।
जनहित और किसान हितों को ध्यान में रखकर स्थान में बदलाव की अपील
ज्ञापन में तिनों गांवों के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे विकास विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत पर स्थानीय निवासियों का विस्थापन और खेती योग्य भूमि का अधिग्रहण अनुचित है। उन्होंने प्रदेश सरकार और रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि जनहित और जनजातीय किसानों के व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित रेलवे स्टेशन के स्थान में जल्द से जल्द उचित संशोधन किया जाए।