Kullu News: जिला कुल्लू के बंजार पुलिस थाने की टीम ने चोरी के एक मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लोहे की प्लेट और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की ऑल्टो कार को भी बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय शैलेन्द्र ठाकुर उर्फ शब्बू निवासी गांव घेलीगाड़ (बंजार), 25 वर्षीय चित्र सिंह उर्फ चेतन निवासी गांव थुआरी (सैंज) और 29 वर्षीय प्रवीण कुमार उर्फ पिंकू निवासी गांव थुआरी, डाकघर लारजी (तहसील सैंज) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 3 सितंबर 2026 की रात तरगाली स्थित उसके स्टोर के बाहर रखी लोहे की भारी प्लेट को तीन अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की ऑल्टो कार में लादकर चोरी कर भाग रहे थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बंजार की टीम ने तुरंत इलाके में घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को बंजार से काबू कर लिया।
अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार कब्जे में लेकर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं। बंजार पुलिस द्वारा मामले में आगामी कानूनी जांच जारी है।