डीसीसी बैठक में बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा: डीसी किरण भड़ाना ने प्राथमिकता क्षेत्र, कृषि एवं एमएसएमई ऋण बढ़ाने पर दिया जोर

1 घंटा पहले
Lahaul Spiti News DLRC DCC Meeting Keylong

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: जिला मुख्यालय केलांग में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं जिला स्तरीय समन्वय समिति (DCC) की 62वीं बैठक उपायुक्त किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति, ऋण वितरण तथा विभिन्न सरकारी प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त किरण भड़ाना ने उपस्थित सभी बैंक अधिकारियों को जिले में क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) अनुपात में सुधार लाने और वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिकता क्षेत्र को अधिक ऋण उपलब्ध करवाने, एमएसएमई क्षेत्र में ऋण वितरण बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र में अग्रिम ऋण पोर्टफोलियो को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को अधिक से अधिक ऋण सुविधा से जोड़ने तथा जिले में स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। इसके अलावा, बैंकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में लाने के निर्देश जारी किए।

बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगरा ने सभी बैंकों को वार्षिक ऋण योजना के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक बैंक को प्रति माह न्यूनतम एक वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, एमएसएमई और स्वयं सहायता समूहों के जरिए वित्तीय समावेशन को मजबूत करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनीष राय, लीड बैंक प्रबंधक केलांग सुनील कौंडल तथा नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक अनीता देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा 15 शाखा प्रबंधकों ने प्रत्यक्ष और 4 ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

खबरें और भी हैं...