Mandi News: मंडी जिले के उपमंडल थुनाग में बस अड्डे के समीप बहने वाली खड्ड में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:40 बजे स्थानीय लोगों ने खड्ड में एक शव तैरता हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना प्रशासन व पुलिस को दी। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों की मदद से मृतक की पहचान तुलसी राम पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव थुनाड़ी, तहसील थुनाग के रूप में की गई है। पुलिस टीम ने शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक व्यक्ति खड्ड पार करते समय या किनारे से गुजरते हुए पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया होगा। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। वहीं, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी है।