Shimla News: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को 7.5 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में शिमला का एक स्थानीय निवासी और बिलासपुर जिले का एक युवक शामिल है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बाहरी राज्य से नशे की यह खेप लाकर सांगटी क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। एमएलए क्रॉसिंग के समीप पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति आपस में मिलीभगत कर सांगटी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चिट्टे की तस्करी करते हैं और वे जल्द ही नशीले पदार्थ की नई खेप लेकर सांगटी की ओर आने वाले हैं।
कार के मैट के नीचे छिपा रखा था नशा
सटीक सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने तुरंत बालूगंज चौक से सांगटी जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में आ रही एक कार को रोककर जब गहन तलाशी ली गई, तो सह-चालक सीट के नीचे रखे रबर मैट के नीचे से एक पारदर्शी पॉलीथिन लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे की जांच करने पर उसमें से 7.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत नशीला पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
बालूगंज थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवराजन धीमान उर्फ शिबू निवासी समरहिल (शिमला) और गुलशन कुमार उर्फ गोलू निवासी घुमारवीं (जिला बिलासपुर) के रूप में की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन बालूगंज में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे बाहरी राज्य में किससे यह नशा खरीद कर लाए थे और शिमला में किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जानी थी।