Shimla News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने शोघी के पास बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने सोलन से शिमला आ रही बस में सवार एक युवक को 12 ग्राम चिट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रमन हिमालवी निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को 6 अक्तूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन से शिमला की ओर आ रही एक निजी बस में रमन हिमालवी अवैध नशीले पदार्थ चिट्टे की खेप लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के स्पेशल सेल ने तुरंत नाकेबंदी की और शोघी पुलिस चौकी के समीप उक्त बस को रोककर चेकिंग अभियान चलाया।
संदेह के आधार पर जब पुलिस टीम ने बस में सवार रमन हिमालवी को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। नशीले पदार्थ को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जा रहा है।
शिमला पुलिस ने आरोपी रमन हिमालवी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी ताकि नशे के इस काले कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीदकर ला रहा था और शिमला या ठियोग में इसे किसे बेचा जाना था।
पुलिस टीम आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल और वित्तीय लेनदेन को भी खंगाल रही है ताकि नशा तस्करी नेटवर्क की मुख्य कड़ी तक पहुंचा जा सके।