Kullu News: कुल्लू, मनाली व भुंतर ऑटो यूनियनों की बैठक में निर्धारित किराया लेने पर बनी सहमति

2 घंटे पहले
Kullu News Auto Union Fare Rate List Meeting

Kullu News: सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) आकांशा शर्मा की अध्यक्षता में ऑटो रिक्शा किराए को लेकर विभिन्न ऑटो यूनियन प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कुल्लू, मनाली एवं भुंतर ऑटो रिक्शा यूनियनों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सभी यूनियनों ने अपनी-अपनी रेट लिस्ट क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में जमा करवाई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी ऑटो चालकों को यूनियन के माध्यम से सूचित किया जाएगा कि किसी भी यात्री से केवल निर्धारित किराया ही वसूला जाएगा। इस निर्णय पर सभी यूनियन प्रतिनिधियों ने अपनी पूर्ण सहमति जताई।

बैठक में यह भी सख्त हिदायत दी गई कि कोई भी ऑटो चालक सवारी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से इनकार नहीं करेगा। यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए सभी ऑटो चालकों पर समान किराया व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि किसी को असुविधा न हो।

इसके अलावा, एआरटीओ आकांशा शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी ऑटो चालक वैध परमिट, इंश्योरेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहनों का संचालन करें। नियमों की अवहेलना करने या बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट (MVA) 1988 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस बैठक में मनाली ऑटो यूनियन के प्रधान मोती राम सोनी, कुल्लू ऑटो यूनियन के महासचिव संजय कपूर, भुंतर यूनियन के उपाध्यक्ष देवी सिंह, किशन चंद, मनाली के महासचिव खेखराम तथा भूषण सिंह सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...