Himachal News: स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने दूरदराज क्षेत्र पहुंचे CMO डॉ. रंजीत ठाकुर, AAM पिन्नी के नवनिर्मित भवन का किया निरीक्षण

2 घंटे पहले

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने लगातार फील्ड में उतरकर स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। इसी कड़ी में उन्होंने जिले के दूरदराज क्षेत्र स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिन्नी का दौरा कर नवनिर्मित भवन के निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।

सीएमओ ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न हिस्सों का स्वयं निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से एक-एक व्यवस्था तथा लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति देखकर अधूरे पड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि स्थानीय ग्रामीण जनता को इस स्वास्थ्य संस्थान का लाभ जल्द से जल्द मिलना शुरू हो सके।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिन्नी के निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने छणीखोर, नशामुक्ति केंद्र भुंतर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेगुबेहड़ का भी औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा भंडार और लैब का दौरा कर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, मुफ्त दवाइयों की उपलब्धता, पेयजल सुविधा और साफ-सफाई की व्यवस्था का जमीनी स्तर पर आकलन किया।

सीएमओ का यह फील्ड निरीक्षण इस बात को दर्शाता है कि स्वास्थ्य सेवाओं को कागजी और कार्यालय स्तर तक सीमित न रखकर धरातल पर उनकी वास्तविक स्थिति जानना उनकी कार्यप्रणाली का मुख्य हिस्सा है।

उन्होंने मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कड़े निर्देश जारी किए कि संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जाए और मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि जिले के सुदूर और दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा और देखभाल को सबसे ऊपर रखा जाए तथा अस्पतालों में जो भी बुनियादी कार्य लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा किया जाए।

खबरें और भी हैं...