तीन दिवसीय हिमाचल दौरा पूरा कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली रवाना, राज्यपाल ने दी गरिमापूर्ण विदाई

रमेश कंवर: मनाली

Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपना तीन दिवसीय हिमाचल दौरा पूरा कर दिल्ली लौट गई है। उनका यह दौरा प्रदेश की जनता के बीच आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रपति के हिमाचल प्रदेश दौरे के समापन पर मनाली स्थित डीआरडीई हेलीपैड पर उन्हें गरिमापूर्ण विदाई दी।

राष्ट्रपति ने अपने इस दौरे के दौरान एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लेने के साथ-साथ अटल टनल, कुल्लू जिला के मनाली में स्थित ऐतिहासिक हिडिंबा माता मंदिर और मॉल रोड तथा लाहौल स्पीति जिला के सिस्सू का भ्रमण किया।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपति की हिमाचल प्रदेश में उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय रही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति, आत्मीयता तथा लोगों के साथ उनके संवाद ने इस यात्रा को विशेष बनाया। इसकी स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के मन में बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह संदेश युवा चिकित्सकों को अपने ज्ञान एवं कौशल को प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सेवा के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करेगा।

 

राष्ट्रपति के हिमाचल दौरे से प्रदेशवासियों के साथ आत्मीय संबंध और सुदृढ़ः राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल का दौरा हिमाचल प्रदेश में बढ़ती कनेक्टिविटी और राज्य के सामरिक महत्व को रेखांकित करता है, जबकि हिडिंबा माता मंदिर की यात्रा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद और हिमाचल  की जनता के बीच गहरे एवं आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति भी रहा। राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश में बिताए गए बहुमूल्य समय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

 

विधायक अनुराधा राणा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेंट की पारंपरिक थांका पेंटिंग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पहुंचने पर लाहौल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की खास झलक देखने को मिली। जनजातीय विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनुराधा राणा ने राष्ट्रपति का पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र की पारंपरिक कला का प्रतीक थांका पेंटिंग भेंट की। थांका पेंटिंग लाहौल-स्पीति की बौद्ध परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से गहराई से जुड़ी हुई है। राष्ट्रपति को भेंट की गई यह अद्भुत कलाकृति उनके लाहौल दौरे की एक विशेष और यादगार स्मृति के रूप में देखी जा रही है।

 

अटल टनल का दौरा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अटल टनल और लाहौल दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। वह अटल टनल का दौरा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति बनी हैं। इनसे पहले जून 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अटल टनल का दौरा किया था। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की धरती पर आगमन स्थानीय निवासियों के लिए विशेष गर्व और सम्मान का विषय बना।

खबरें और भी हैं...